रूद्रप्रयाग: दुर्गम पहाड़ों पर रोमांच की रफ्तार: रुद्रप्रयाग पहुंचे हिमालयन एमटीबी चैलेंज के साइकिलिस्ट, हरियाणा के शिवेन ने मारी बाजी
रुद्रप्रयाग: उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित ‘अल्टीमेट उत्तराखण्ड हिमालयन एमटीबी चैलेंज 2026’ (पंचम संस्करण) के प्रतिभागी साइकिलिस्ट रविवार को जनपद रुद्रप्रयाग पहुंचे।
होगा रात्रि विश्राम
जानकारी के अनुसार बागेश्वर के दुर्गम पर्वतीय रास्तों को पार करते हुए यहां पहुंचे देश-विदेश के इन जांबाज साइकिलिस्टों का तिलवाड़ा में रात्रि विश्राम होगा। जिसमें उत्तराखण्ड पर्यटन विकास परिषद और साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (CFI) के संयुक्त तत्वावधान में 20 से 26 नवंबर तक इस अंतरराष्ट्रीय स्तर की साइकिल रेस का आयोजन किया जा रहा है। मुक्तेश्वर (नैनीताल) से मसूरी (देहरादून) तक कुल 658 किलोमीटर के इस चुनौतीपूर्ण सफर में साइकिलिस्ट कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के 10 जनपदों से होकर गुजर रहे हैं।
हरियाणा के शिवेन रहें अव्वल
रविवार को आयोजित रेस के इस चरण में कड़े मुकाबले के बीच हरियाणा के शिवेन ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, लद्दाख के त्सेवांग नोरबू दूसरे और आर्मी एडवेंचर टीम के खुशिमान घरती तीसरे स्थान पर रहे। तीनों ही विजेताओं ने कठिन पहाड़ी रास्तों पर बेहतरीन खेल कौशल और दमखम का परिचय दिया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सोमवार (23 नवंबर) को साइकिलिस्टों का तिलवाड़ा में विश्राम दिवस रहेगा, जिसके बाद 24 नवंबर को वे टिहरी (कोटी कॉलोनी) के लिए रवाना होंगे।
प्रशासन ने किए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
साइकिलिस्टों के सुगम और सुरक्षित आवागमन के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने रूट पर ट्रैफिक नियंत्रण और सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए हैं। तिलवाड़ा में प्रतिभागियों के ठहरने, पेयजल और स्वच्छता सहित सभी मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ आयोजन को सफल बनाने के निर्देश दिए हैं।
रहें मौजूद
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, जिला पर्यटन विकास अधिकारी राहुल चौबे, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अखिलेश मिश्रा, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार और जिला युवा कल्याण अधिकारी वरद जोशी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।