अल्मोड़ा: 10 दिवसीय डबल हेलमेट जागरूकता अभियान संपन्न, आज से नियम तोड़ने वालों का कटेगा चालान

​अल्मोड़ा: जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और दोपहिया वाहन सवारों की सुरक्षा के उद्देश्य से चलाया गया 10 दिवसीय विशेष डबल हेलमेट जागरूकता अभियान समाप्त हो गया है।

पुलिस का अभियान

अब आज यानी 23 नवंबर से दोपहिया वाहन पर चालक के साथ पीछे बैठने वाले सहसवार (पिलियन राइडर) के लिए भी हेलमेट अनिवार्य कर दिया गया है और नियम उल्लंघन करने पर चालानी कार्यवाही की जाएगी। एसएसपी चंद्रशेखर घोड़के के निर्देशों के क्रम में सीओ अल्मोड़ा बलवन्त सिंह रावत और सीओ रानीखेत भावना कैंथोला के पर्यवेक्षण में यह अभियान 13 से 22 नवंबर 2026 तक चलाया गया। इस दौरान समस्त थाना, कोतवाली और यातायात प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए।


​इन माध्यमों से पहुंचाया गया संदेश

​अभियान के तहत पुलिस और यातायात की टीमों ने विभिन्न स्कूलों में पहुंचकर विद्यार्थियों और शिक्षकों को यातायात नियमों की जानकारी दी। इसके अलावा, आमजन तक संदेश पहुंचाने के लिए रचनात्मक और व्यापक माध्यमों का सहारा लिया गया।
• ​उद्घोषणा: पुलिस वाहनों, आंचल दुग्ध वाहनों और कूड़ा वाहनों पर लगे लाउडस्पीकरों के माध्यम से डबल हेलमेट की अनिवार्यता का प्रचार किया गया।
• ​पीए सिस्टम व कंट्रोल रूम: अल्मोड़ा नगर के प्रमुख चौराहों व तिराहों पर लगे पीए सिस्टम और सीसीटीवी कंट्रोल रूम से लगातार उद्घोषणा कर लोगों को सचेत किया गया।
• ​मीडिया व सोशल मीडिया: स्थानीय समाचार पत्रों के साथ-साथ अल्मोड़ा पुलिस के फेसबुक और इंस्टाग्राम पेज के जरिए भी सड़क सुरक्षा और डबल हेलमेट के नियमों का प्रचार-प्रसार किया गया।


​आज से सख्त कार्यवाही

​पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जागरूकता अवधि पूरी होने के बाद 23 नवंबर 2026 से दोपहिया वाहन चलाते समय राइडर के साथ-साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति का हेलमेट पहनना अनिवार्य है। ऐसा न करने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान की कार्यवाही की जाएगी।