उत्तरकाशी: चपटाड़ी में धूमधाम से मनाया गया ध्याणी मैती मिलन समारोह, देवी-देवताओं को चढ़ाए सोने-चांदी के आभूषण, रासो-तांदी और जागर संध्या रही आकर्षण का केंद्र

उत्तरकाशी: नौगाँव विकासखंड के अंतर्गत चपटाड़ी ग्राम पंचायत में ध्याणी मैती मिलन सम्मान समारोह का आयोजन हर्षोल्लास और परंपरागत धूमधाम के साथ संपन्न हुआ।

समारोह का आयोजन

दो दिवसीय इस आयोजन के दौरान क्षेत्र की लोक संस्कृति, आस्था और परंपराओं की जीवंत झलक देखने को मिली।समारोह का शुभारंभ भगवती के पुजारी अश्विनी खंडूड़ी द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ किया गया। पहले दिन ध्याणियों द्वारा भगवती एवं अन्य देवताओं को त्रिवेणी संगम गंगानी ले जाकर गंगा स्नान करवाया गया। इस दौरान पुजारी अश्विनी, संदीप और अनिल खंडूड़ी ने धूप, अगरबत्ती, श्रीफल और चुनरी अर्पित कर विशेष पूजा की। गंगानी में ग्रामीणों ने पारंपरिक रासो-तांदी नृत्य कर मडाण लगाया और रंवाईं की समृद्ध संस्कृति को जीवंत किया। रात्रि में आयोजित सांस्कृतिक संध्या में रंवाईं के प्रसिद्ध जागर गायक सुंदर प्रेमी और उनकी टीम ने “सोबन क फूल बिंदुला बो…”, साटी, पानसाइयो, छोड़े, बाजू बंद और पारंपरिक जागरों की प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
​

रहीं भागीदारी

दूसरे दिन गाँव के मंदिर चौक में भगवती रेणुका की पूजा-अर्चना के पश्चात पश्वा दिनेश प्रसाद सेमवाल पर देवता अवतरित हुए। इस अवसर पर गाँव की ध्याणियों ने पुजारियों के साथ मिलकर भगवती रेणुका को सोने की नथ पहनाई। साथ ही कंडारिया देवता को चांदी की जंजीर, पाँच पांडवों को चांदी की कटोरी तथा श्रीकाल और आछरियों-मातरियों को चांदी के सिक्के भेंट किए गए। श्रद्धालुओं व ध्याणियों ने देवी-देवताओं से सुख-समृद्धि का आशीर्वाद लिया। मेला समिति के पदाधिकारी ग्राम प्रधान संतोष कुमार और गंभीर सिंह पंवार ने गणमान्य नागरिकों एवं गाँव की ध्याणियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। आयोजकों ने बताया कि यह समारोह गाँव की विवाहित व अविवाहित ध्याणियों द्वारा एकत्रित दान से ईष्ट देवी-देवताओं को सोने-चांदी की भेंट अर्पित करने की परंपरा के तहत आयोजित किया जाता है, जिसमें ग्रामवासियों व जिम्मेदार लोगों की अहम भागीदारी रहती है।
​
रहें मौजूद

कार्यक्रम का संचालन गंभीर सिंह एवं मनवीर सिंह पंवार ने किया। इस अवसर पर पूर्व प्रधान मनजीवन रांगड़, उपेंद्र सिंह प्रधान, बीरपाल राणा, राजेंद्र प्रसाद, गुरुदेव रांगड़, प्रदीप पंवार, विजय लक्ष्मी बहुगुणा, गीता चौहान, शोकीना रावत, उर्मिला रावत, धर्मी चौहान, साईबी देवी, ललिता कोठियाल, शैलेंद्र रावत, सकल लाल, गंगूलाल, धर्मेश कुमार, अनिल कुमार, गजेंद्र लाल, आनंद पंवार, जगबीर पंवार और राजेंद्र नौटियाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व ध्याणियां मौजूद रहे।