रुद्रप्रयाग: श्री केदारनाथ धाम यात्रा-2026 के सकुशल समापन के अवसर पर रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा सम्मान समारोह और सामूहिक भोज (बड़ा खाना) का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन
इस दौरान पुलिस अधीक्षक (SP) रुद्रप्रयाग नीहारिका तोमर ने यात्रा मार्गों, पड़ावों और संवेदनशील स्थलों पर तैनात रहे पुलिस बल के समर्पण, धैर्य और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए कार्मिकों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसपी नीहारिका तोमर ने कहा कि केदारनाथ धाम यात्रा का सुरक्षित एवं सुगम संचालन पुलिस विभाग के लिए एक बड़ी जिम्मेदारी और चुनौती होती है। लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही, भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, श्रद्धालुओं को सहायता व मार्गदर्शन तथा प्रतिकूल परिस्थितियों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी की अहम भूमिका रही। उन्होंने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों, बदलते मौसम और लंबी ड्यूटी के बावजूद पुलिस बल ने अनुशासन व संयम के साथ काम किया। एसपी ने स्पष्ट किया कि यात्रा की सफलता का श्रेय किसी एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि सभी कार्मिकों के सामूहिक प्रयास, समन्वय और टीम भावना को जाता है।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिक सम्मानित
समारोह में यात्रा के दौरान सराहनीय व उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले विभिन्न इकाइयों के अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में निम्नलिखित बलों के कार्मिक शामिल रहे।
• जनपद पुलिस
• एसडीआरएफ (SDRF)
• फायर सर्विस
• संचार व अभिसूचना इकाई
• पीएसी (PAC)
• होमगार्ड्स एवं पीआरडी (PRD)
सामूहिक भोज का आयोजन
कार्यक्रम के समापन पर सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक साथ बैठकर बड़ा खाना (सामूहिक भोज) में हिस्सा लिया।