अल्मोड़ा: जिले में पुलिस का व्यापक जनजागरूकता अभियान जारी ,साइबर ठगी-नशे व यातायात नियमों को लेकर किया जागरूक, हॉस्टलों व नशा मुक्ति केंद्र का भी किया निरीक्षण

​अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में एसएसपी चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर जिलेभर के स्कूलों, कॉलेजों, बाजारों और ग्रामीण इलाकों में बुधवार को व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया।

किया जागरूक

सीओ अल्मोड़ा बलवन्त सिंह रावत और सीओ रानीखेत भावना कैंथोला के पर्यवेक्षण में विभिन्न थानों व कोतवालियों की पुलिस टीमों ने छात्र-छात्राओं, युवाओं, चालकों और आम लोगों को अहम जानकारियां दी। अभियान के दौरान पुलिस ने ऑनलाइन ठगी, डिजिटल अरेस्ट, म्यूल बैंक अकाउंट, फर्जी लिंक, ओटीपी और क्यूआर कोड फ्रॉड को लेकर लोगों को सतर्क किया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि कोई भी पुलिस अधिकारी या सरकारी एजेंसी फोन या वीडियो कॉल के जरिए ‘डिजिटल अरेस्ट’ नहीं करती है। अधिकारियों ने अपील की कि अनजान लोगों से बैंकिंग व निजी जानकारी साझा न करें और किसी भी संदिग्ध कॉल या साइबर ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।


​डबल हेलमेट, महिला सुरक्षा और नशामुक्ति की शपथ

​यातायात नियमों के तहत दोपहिया वाहन चलाते समय चालक व पीछे बैठे व्यक्ति दोनों को हेलमेट (डबल हेलमेट) पहनने, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग न करने, नशे व तेज गति से वाहन न चलाने तथा जरूरी कागजात साथ रखने की सलाह दी गई। इसके अलावा महिला एवं बाल अपराध, पॉक्सो एक्ट, गौर शक्ति ऐप और मानव तस्करी से बचाव के उपायों पर भी चर्चा की गई। युवाओं को नशे के दुष्परिणाम बताते हुए समाज को नशामुक्त बनाने की शपथ दिलाई गई। साथ ही मानस हेल्पलाइन 1933, डायल 112 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की जानकारी भी दी गई।


​नशा मुक्ति केंद्र का निरीक्षण

​जागरूकता अभियान के साथ-साथ कोतवाली अल्मोड़ा पुलिस ने नशा मुक्ति केंद्र का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके अलावा हॉस्टलों में सत्यापन की कार्रवाई की गई और नशे से जुड़े संभावित हॉटस्पॉट स्थलों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
​