अल्मोड़ा: संविधान दिवस के आयोजन की तैयारियों को लेकर आज बुधवार को जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई।
बैठक का आयोजन
इस बैठक में जिले भर में होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा और व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर जिले के सभी शासकीय कार्यालयों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएं और संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ हो। डीएम अंशुल सिंह ने बताया कि संविधान दिवस का जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम विकास भवन सभागार में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में विधि विशेषज्ञ मौलिक अधिकारों व कर्तव्यों के साथ-साथ विभिन्न कानूनों और उनके प्रावधानों की विस्तृत जानकारी देंगे। उन्होंने कहा कि संविधान दिवस के जरिए आम लोगों में संवैधानिक और कानूनी जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया जाए।
समन्वय से समय पर पूरी हों तैयारियां
जिलाधिकारी ने कहा कि संविधान के मूल्यों और आदर्शों को आत्मसात करना तथा संवैधानिक दायित्वों का पालन करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ कार्यक्रम की तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए।
रहें उपस्थित
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अनामिका, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र और नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।