उत्तरकाशी: मोरी विकास खंड के दूरस्थ ग्राम पवाणी में बीते रोज हुए भीषण अग्निकांड में 33 आवासीय भवन जलकर पूरी तरह खाक हो गए हैं।
ग्रामीणों के लिए संकट
जानकारी के अनुसार विकास खंड मुख्यालय मोरी से लगभग 60 किलोमीटर दूर स्थित पवाणी गांव में भीषण अग्निकांड हुआ। इस हादसे से गांव के 58 परिवार बेघर हो गए हैं और कड़ाके की ठंड में खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं।
आग की चपेट में आने से गांव का पंचायत भवन और प्राथमिक विद्यालय भवन भी जलकर नष्ट हो गया है।इस भयावह अग्निकांड में ग्रामीणों की जीवनभर की जमापूंजी और घरों में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। गनीमत यह रही कि समय रहते ग्रामीणों ने भागकर अपनी जान बचा ली और कोई जनहानि नहीं हुई। पूरे गांव में अब केवल 13 मकान ही सुरक्षित बचे हैं, जिससे प्रभावित परिवारों के सामने सिर छिपाने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
प्रशासन मौके पर रवाना
हादसे के बाद प्रशासन की राहत एवं बचाव टीम ने रात्रि में गांव पहुंचकर पीड़ितों का हाल जाना और राहत सामग्री वितरित कर उनके ठहरने व भोजन की वैकल्पिक व्यवस्था शुरू की।