स्पोर्ट्स जगत से जुड़ी खबर सामने आई है। भारतीय महिला हॉकी टीम ने शनिवार को भोपाल में खेले गए महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी के रोमांचक फाइनल में चीन को 3-1 से हराकर नया इतिहास रच दिया है।
भारत ने रचा इतिहास
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस शानदार जीत के साथ भारत ने चौथी बार यह खिताब अपने नाम किया है। इस खिताबी जीत के साथ टीम इंडिया ने दक्षिण कोरिया (3 खिताब) को पीछे छोड़ दिया है। इसके अलावा, भारत लगातार तीन बार इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का खिताब जीतने वाली पहली टीम भी बन गया है।
दूसरे हाफ में भारत का शानदार प्रदर्शन
मेजबान भारतीय टीम के लिए मुकाबले की शुरुआत चुनौतीपूर्ण रही। पहले हाफ में खिलाड़ियों को गेंद पर करीबी नियंत्रण रखने और निर्णायक पास पूरे करने में काफी संघर्ष करना पड़ा। दूसरे हाफ में मेजबान टीम ने खेल पर पूरा दबदबा कायम रखते हुए चीन को वापसी का कोई मौका नहीं दिया और मुकाबला अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में अहम मौकों पर दो शानदार गोल दागकर भारत की जीत सुनिश्चित करने वाली दीपिका को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।