अल्मोड़ा: जनपद अल्मोड़ा में सादगी पूर्वक मनाया गया 73वां गणतंत्र दिवस

73वां गणतंत्र दिवस 26 जनवरी 2022 जनपद अल्मोड़ा में सादगी पूर्वक मनाया गया। गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रातः 9ः30 बजे सभी सरकारी, गैर सरकारी भवनों में झण्डारोहण किया गया। कलक्ट्रेट परिसर में झण्डारोहण जिलाधिकारी वन्दना सिंह द्वारा किया गया।
   
भीमराव अम्बेडकर द्वारा बनाया गया संविधान सर्वमान्य-

ध्वजारोहण के बाद अधिकारियों व कर्मचारियों को शपथ दिलाते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि डाॅ. भीमराव अम्बेडकर द्वारा बनाया गया संविधान सर्वमान्य है। उन्होंने कहा कि देश में विभिन्न जातियों, धर्मो व क्षेत्रीय विभिन्नताओं होते हुए भी हम सभी को एकता सूत्रों में बाधे रखने वाला संविधान दिया। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस की बधाई देतेे हुए कहा कि आज ही के दिन हमारे देश का संविधान लागू हुआ। उन्होंने इस अवसर पर सभी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को याद करते हुए अपनी श्रद्धांजलि दी, उन्होंने देश की आजादी के उन वीर सपूतो को भी याद किया जिन्होंने अपने जीवन का बलिदान देकर हमें एक स्वतंत्र देश में जीने का अवसर दिया। उन्होंने कहा कि हमें उन सभी वीर सपूतों को श्रद्धांजलि देते हेतु अपने कर्तव्यों का सही निर्वहन कर देश व समाज की सेवा करनी होगी। उन्होंने कहा कि इन 73 वर्षों में हमारा देश निरन्तर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। वही विकास भवन प्रांगण में मुख्य विकास अधिकारी नवनीत पाण्डे द्वारा झण्डारोहण कर सभी को गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई दी।
 
पुलिस लाईन में पुलिस परेड का आयोजन-

इस अवसर पर जनपद के समस्त तहसील व विकास खण्ड स्तर पर भी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गणतंत्र दिवस के अवसर पर स्थानीय पुलिस लाईन में पुलिस परेड का आयोजन किया गया, मुख्य अतिथि जिलाधिकारी वन्दना ने ध्वजारोहण कर मार्चपास्ट की सलामी लेते हुए परेड का निरीक्षण किया । सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए जिलाधिकारी ने भारतीय संविधान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संविधान ने देश के सभी नागरिकों को अधिकारों के साथ ही मौलिक कर्तव्य भी निर्धारित किए हैं। हमें अपने अधिकारों का प्रयोग इस प्रकार करना चाहिए कि दूसरे व्यक्ति की स्वतंत्रता का हनन न हो। हमें अपने कर्तव्यों एवं दायित्वों का पालन भी पूरी निष्ठा से करना चाहिए। प्रत्येक नागरिक को कर्तव्य बोध होना चाहिए। उन्होंने सभी को आगामी चुनाव में अपने मताधिकार का उपयोग के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने कोविड के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए सभी को मास्क लगाने, समाजिक दूरी का पालन करने व कोविड गाइडलाइन का पालन करने की भी अपील की।पुलिस लाईन में आयोजित परेड में पुलिस, आईटीबीपी, एस0एस0बी0,  एन0सी0सी0, एसडीआरएफ तथा पुलिस फायर सर्विस ने प्रतिभाग किया गया।
    
राष्ट्र के सर्वागींण विकास के लिए संकल्पबद्ध हो-

इस अवसर पर पुलिस लाईन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टी सी द्वारा झण्डारोहण कर 73 वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस की इस पावन बेला पर हम सभी को संविधान के मूलभूत आदर्शों की रक्षा एवं राज्य तथा राष्ट्र के सर्वागींण विकास के लिए संकल्पबद्ध होना चाहिए।

यह लोग रहे उपस्थित-

प्रभागीय वनाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, आईटीबीपी, एसएसबी के अधिकारी/ जवानों समेत गणमान्य नागरिक, विभिन्न अधिकारी/कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।