अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। अल्मोड़ा के सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय में जल्द प्रशासनिक भवन बनेगा। इसका निर्माण 25 करोड़ रुपये से होगा, जिसकी स्वीकृति मिल गई है।
एसएसजे में बनेगा प्रशासनिक भवन
मिली जानकारी के अनुसार इसके लिए विश्वविद्यालय प्रबंधन को 5 करोड़ की पहली किस्त मिल चुकी है। प्रबंधन के मुताबिक जल्द इसका निर्माण कार्य शुरू होगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रशासनिक भवन निर्माण की कवायद शुरू कर दी है। इसके लिए लोवर माल रोड के निकट कूर्मांचल छात्रावास के समीप भूमि का चयन किया गया है। साथ ही इस प्रशासनिक भवन में कुलपति, कुलसचिव, वित्त अधिकारी के कार्यालय के साथ उनके आवास की भी व्यवस्था होगी। जिसके बाद जल्द यह प्रशासनिक भवन अस्तित्व में आएगा। लंबे समय से छात्र व शिक्षक इसकी मांग कर रहे थे। जिस पर सुनवाई होने से उनमें खुशी की लहर है।