अल्मोड़ा: साइबर ठगों का जाल, बुजुर्ग से उड़ाए इतने लाख रुपए, देहरादून से सल्ट ट्रांसफर हुई जीरो FIR

सल्ट (अल्मोड़ा): अल्मोड़ाजिले में साइबर ठगों के मामले बढ़ते जा रहे हैं। ऐसा ही एक मामला सल्ट क्षेत्र से सामने आया है। यहां एक 65 वर्षीय बुजुर्ग साइबर ठगी का शिकार हो गए हैं।

जानें क्या है मामला

मिली जानकारी के अनुसार ठगों ने बुजुर्ग के खाते से 2 लाख रुपये से अधिक की रकम पार कर दी। मामले में देहरादून साइबर थाने में दर्ज जीरो एफआईआर को अब सल्ट थाने ट्रांसफर कर दिया गया है। सल्ट पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मल्ला लखौरा निवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग को बीते 8 जून को एक अज्ञात नंबर से कॉल आई थी। ठग ने बुजुर्ग को अपनी बातों के जाल में फंसाकर उनके बैंक खाते में सेंध लगा दी और देखते ही देखते खाते से 2,07,450 रुपये निकाल लिए। जब तक बुजुर्ग को अपने साथ हुई इस धोखाधड़ी का अहसास हुआ, तब तक ठग उनकी गाढ़ी कमाई के दो लाख रुपये उड़ा चुका था।


​एफआईआर दर्ज

​ठगी का शिकार होने के बाद पीड़ित बुजुर्ग ने तुरंत कदम उठाते हुए देहरादून साइबर थाने के ऑनलाइन पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने जीरो एफआइआर दर्ज की। देहरादून साइबर थाने में दर्ज हुई इस जीरो एफआईआर को अब अग्रिम कार्रवाई के लिए सल्ट थाने में ट्रांसफर कर दिया गया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और ठगों के सुराग लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।