अल्मोड़ा: सड़क डामरीकरण के दौरान हुआ विवाद‌, वर्क एजेंट पर जानलेवा हमला, दर्ज हुआ मुकदमा





अल्मोड़ा: जनपद के दन्या थाना क्षेत्र के अंतर्गत सड़क डामरीकरण कार्य के दौरान मारपीट और जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया है।


जानें पूरा मामला


मिली जानकारी के अनुसार बाड़ेछीना निवासी दान सिंह खेती-धूरा मोटर मार्ग पर चल रहे डामरीकरण कार्य में एक निर्माण कंपनी के ‘वर्क एजेंट’ के रूप में कार्यरत थे। आरोप है कि कार्यस्थल पर ड्यूटी के दौरान मनीष पांडे नामक व्यक्ति ने उनके साथ विवाद करना शुरू कर दिया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने उन पर ‘पावड़ी’ (एक प्रकार का औजार) से हमला कर दिया। हमले में दान सिंह को शरीर के कई हिस्सों में गहरी चोटें आई हैं। पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद पीड़ित ने दन्या थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित तहरीर सौंपी।


जांच शुरू


जिस पर पीड़ित ने सुरक्षा की गुहार लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने पीड़ित कर्मचारी की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।