अल्मोड़ा: चौखुटिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के औचक निरीक्षण पर पंहुचे डीएम अंशुल सिंह, ओपीडी से लेकर ऑपरेशन थिएटर का लिया जायजा

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा के जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने आज बुधवार को चौखुटिया स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) का औचक निरीक्षण किया।

किया निरीक्षण

इस दौरान उन्होंने अस्पताल में मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई और बुनियादी सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। इस निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल की ओपीडी, विभिन्न वार्डों, शौचालयों, उपचार कक्षों और ऑपरेशन थिएटर का गहराई से मुआयना किया। उन्होंने वहां उपलब्ध चिकित्सा उपकरणों और कार्यप्रणाली की जानकारी ली तथा अस्पताल भवन की स्थिति का भी अवलोकन किया।
मरीजों से लिया फीडबैक

जिलाधिकारी ने अस्पताल में भर्ती और इलाज के लिए आए मरीजों से बातचीत कर उन्हें मिल रही चिकित्सा सुविधाओं, दवाइयों की उपलब्धता और साफ-सफाई के बारे में जानकारी ली। मरीजों की समस्याएं सुनने के बाद उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तुरंत सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।
​उन्होंने अस्पताल भवन की मरम्मत और सुधार कार्यों के लिए शीघ्र आगणन (एस्टीमेट) तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों और चिकित्साकर्मियों को बेहतर माहौल मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि अस्पताल में स्वच्छता, अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है, और इसमें किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

रहें मौजूद

​इस निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) हरीश कुमार पंत और उप जिलाधिकारी सुनील कुमार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।