अल्मोड़ा: विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक दलों के साथ डीएम अंशुल सिंह ने की बैठक

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट के वीसी कक्ष में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के संबंध में जनपद के विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

दी यह जानकारी

इस बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया, विभिन्न चरणों तथा इसके सफल क्रियान्वयन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।जिलाधिकारी ने कहा कि बूथ लेवल एजेंट (BLA) प्रथम एवं बूथ लेवल एजेंट (BLA) द्वितीय की निर्वाचन प्रक्रिया में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने-अपने बीएलए को सक्रिय रूप से कार्य करने तथा बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) के साथ समन्वय स्थापित कर विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने पर जोर दिया। बैठक में गणना प्रपत्र को डेमो के माध्यम से भरकर दिखाया गया तथा उससे संबंधित आवश्यक जानकारियां साझा की गईं। साथ ही दावे एवं आपत्तियों की प्रक्रिया, पात्र मतदाताओं के नामों का सत्यापन, नए नाम जोड़ने, त्रुटियों के संशोधन तथा अन्य निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

किया यह आह्वान

जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य निर्वाचक नामावली को अधिक शुद्ध, त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाना है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों तथा बीएलए की सहभागिता और सहयोग आवश्यक है। उन्होंने सभी से यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया कि कोई भी पात्र मतदाता निर्वाचन नामावली में शामिल होने से वंचित न रहे।‌ बैठक में उपस्थित प्रतिनिधियों के सुझाव भी प्राप्त किए गए तथा निर्वाचन विभाग की ओर से उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। जिलाधिकारी ने सभी के सहयोग एवं समन्वय से जनपद में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने का आह्वान किया।

रहें उपस्थित

बैठक में अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र सहित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित उपस्थित रहे।