अल्मोड़ा: सस्ती दवाओं के नाम पर धांधली पर डीएम अंशुल सिंह सख्त, जन औषधि केंद्र का स्टॉक सील, जांच शुरू, नए टेंडर के दिए आदेश

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में जिला अस्पताल स्थित ‘प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र’ में सस्ती जेनेरिक दवाओं के नाम पर महंगे ब्रांडेड ब्रांड बेचने का मामला सामने आया है।

डीएम ने किया निरीक्षण

जिस पर शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने आज शनिवार को केंद्र का औचक निरीक्षण किया। मौके पर भारी अनियमितताएं पाए जाने के बाद प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए ड्रग इंस्पेक्टर की मौजूदगी में केंद्र में मौजूद सभी दवाओं को सील कर दिया है।जानकारी के अनुसार, जन औषधि केंद्र में सरकार द्वारा निर्धारित सस्ती जेनेरिक दवाओं के स्थान पर अन्य ब्रांडेड दवाओं के विक्रय की शिकायतें मिल रही थीं। मामले की सत्यता जांचने के लिए जिलाधिकारी अंशुल सिंह बिना किसी पूर्व सूचना के सीधे मौके पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने केंद्र में उपलब्ध सभी दवाओं का भौतिक सत्यापन कराया और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि उपलब्ध समस्त दवाओं की एक विस्तृत सूची तैयार की जाए। जन औषधि (जेनेरिक) और ब्रांडेड दवाओं की अलग-अलग लिस्ट बनाकर उनकी खरीद एवं उपलब्धता संबंधी अभिलेखों का मिलान किया जाए।

​जांच पूरी होने तक दवाएं सील

​जिलाधिकारी के सख्त रुख के बाद ड्रग इंस्पेक्टर की उपस्थिति में जन औषधि केंद्र का पूरा स्टॉक जांच पूरी होने तक सील कर दिया गया है। निष्पक्ष और तथ्यात्मक जांच सुनिश्चित करने के लिए दवाओं के स्टॉक, खरीद और वितरण से जुड़े सभी सरकारी व निजी अभिलेखों की जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही केंद्र में चल रही अनियमितताओं पर स्थायी रोक लगाने के लिए जिलाधिकारी ने संचालन की वर्तमान व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को जन औषधि केंद्र के संचालन के लिए तत्काल नए सिरे से टेंडर प्रक्रिया शुरू करने के आदेश दिए हैं, ताकि निर्धारित मानकों के अनुरूप पारदर्शी व्यवस्था स्थापित की जा सके।


रहें मौजूद

इस निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी (CDO) रामजीशरण शर्मा, ड्रग इंस्पेक्टर तथा अस्पताल प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।