अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में आगामी डिजिटल जनगणना-2027 के द्वितीय चरण को सुचारू और प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के लिए आज मंगलवार को कलेक्ट्रेट अल्मोड़ा में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
प्रशिक्षण का आयोजन
अपर जिलाधिकारी एवं जिला जनगणना अधिकारी युक्ता मिश्र की अध्यक्षता में यह प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। जो 15 और 16 सितम्बर 2026 तक चलेगा। इसका मुख्य उद्देश्य जनगणना कार्मिकों को डिजिटल माध्यम से कार्य करने के लिए तकनीकी रूप से दक्ष बनाना है। प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व है। इसका सीधा संबंध देश की भावी विकास योजनाओं, नीतियों और कल्याणकारी कार्यक्रमों से है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जनगणना के आंकड़ों की शुद्धता और विश्वसनीयता सबसे महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी कार्मिक अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी से करें।
किया यह आह्वान
कार्यक्रम के दौरान जनगणना संचालन निदेशक ईवा श्रीवास्तव ने ऑनलाइन जुड़कर प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने डिजिटल जनगणना की कार्यप्रणाली पर प्रकाश डालते हुए आंकड़ों के संकलन में विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए। अपर जिलाधिकारी ने बताया कि इस बार डिजिटल प्रणाली के प्रयोग से जनगणना कार्यों में पारदर्शिता, सटीकता और गति आएगी। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों से प्रशिक्षण के दौरान तकनीकी पहलुओं को गहराई से समझने और अपनी शंकाओं का समाधान करने का आह्वान किया।
किया प्रतिभाग
इस प्रशिक्षण शिविर में जनपद के सभी तहसीलदार, नायब तहसीलदार, अधिशासी अधिकारी, जिला समन्वयक अधिकारी निखिल पंत सहित संबंधित जनगणना कार्मिकों ने प्रतिभाग किया।