अल्मोड़ा: सफाई और पार्किंग अव्यवस्था पर भड़के डीएम; शिखर तिराहा पार्किंग संचालक को नोटिस देने के निर्देश, सीढ़ी मार्ग से डॉग शेल्टर तक परखी व्यवस्थाएं

​अल्मोड़ा: जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने आज सोमवार को अल्मोड़ा नगर क्षेत्र के विभिन्न इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया।

किया स्थलीय निरीक्षण

इस दौरान उन्होंने साफ-सफाई, पार्किंग प्रबंधन और सार्वजनिक नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया। शिखर तिराहे स्थित नगर पालिका पार्किंग में भारी गंदगी और अव्यवस्था मिलने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई और संबंधितों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। निरीक्षण की शुरुआत में डीएम ने टैक्सी स्टैंड तिराहे से खोल्टा जाने वाले सीढ़ी मार्ग का जायजा लिया। रास्ते में पानी की पाइपलाइन से हो रहे रिसाव, गंदगी और झाड़ियों को देखकर उन्होंने अधिकारियों को तत्काल पाइपलाइन ठीक कराने, सफाई करवाने और झाड़ियों का कटान करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने टैक्सी स्टैंड के पास स्थित पार्किंग का निरीक्षण किया और उसके नीचे खुले पड़े हिस्से को सुरक्षित ढंग से बंद करने तथा खाली जगह के सदुपयोग के लिए कार्ययोजना बनाने को कहा।

​डॉग शेल्टर का लिया जायजा

इसके उपरांत जिलाधिकारी ने पशु अधिकार कार्यकर्ता कामिनी कश्यप द्वारा संचालित डॉग शेल्टर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने शेल्टर परिसर व आसपास की व्यवस्थाएं परखीं और वहां भी साफ-सफाई के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जब डीएम शिखर तिराहे स्थित नगर पालिका पार्किंग पहुंचे, तो वहां गाड़ियों की बेतरतीब पार्किंग और गंदगी देखकर उनका गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने नगर आयुक्त को निर्देश दिए कि पार्किंग व्यवस्था में तुरंत सुधार किया जाए और नियमों का पालन न करने वाले पार्किंग संचालक को नोटिस जारी किया जाए। उन्होंने कहा कि वाहनों को इस तरह खड़ा कराया जाए कि जगह का सही इस्तेमाल हो और आम जनता को कोई परेशानी न हो। डीएम ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नगर में स्वच्छता और सुव्यवस्थित पार्किंग बनाए रखना संबंधित विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। निरीक्षण में सामने आई कमियों को प्राथमिकता से दूर किया जाए।
​
रहें मौजूद

इस निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा, उपजिलाधिकारी संजय कुमार, पशु अधिकार कार्यकर्ता कामिनी कश्यप, पार्षद अमित साह, अभिषेक जोशी, कृष्ण बहादुर समेत कई अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।