अल्मोड़ा: डूबकिया वार्ड के शेष क्षेत्रों में सीवर लाइन बिछाने की उठी मांग, पार्षद अंजू बिष्ट ने जल संस्थान के अधिशासी अभियंता को सौंपा पत्र

​अल्मोड़ा: नगर निगम अल्मोड़ा के डूबकिया वार्ड की पार्षद अंजू बिष्ट ने वार्ड के छूटे हुए क्षेत्रों में जल्द से जल्द सीवर लाइन बिछाने की जोरदार मांग उठाई है।

सौंपा ज्ञापन

इस संबंध में उन्होंने जल संस्थान अल्मोड़ा के अधिशासी अभियंता नीरज तिवारी को एक ज्ञापन/पत्र सौंपा है। पार्षद अंजू बिष्ट ने जानकारी देते हुए बताया कि डूबकिया वार्ड के लगभग आधे हिस्से में ही सीवर लाइन की सुविधा उपलब्ध है, जबकि शेष बड़े क्षेत्र में अभी तक यह सुविधा नहीं पहुंच पाई है। इसके चलते स्थानीय निवासियों को गंदे पानी की निकासी और उससे जुड़ी तमाम गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

​त्वरित सर्वे और स्थलीय निरीक्षण की मांग

पार्षद ने अधिशासी अभियंता से आग्रह किया है कि वार्ड के शेष क्षेत्रों का शीघ्र स्थलीय निरीक्षण करवाया जाए। साथ ही, पूरे डूबकिया वार्ड को सीवर सुविधा से जोड़ने के लिए आवश्यक सर्वे और प्रस्ताव तैयार कर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई शुरू की जाए। अंजू बिष्ट ने कहा कि क्षेत्रवासियों की समस्याओं का समाधान करना और जनहित के कार्यों को गति देना उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि डूबकिया वार्ड के समग्र विकास और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए उनके प्रयास लगातार जारी रहेंगे।