रुद्रप्रयाग: आगामी दीपावली पर्व के दृष्टिगत जनपद में सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ सम्भावित अग्नि हादसों से निपटने के लिए रुद्रप्रयाग पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।
पुलिस अलर्ट मोड पर
पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशों के क्रम में आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए जनपद की अग्निशमन इकाइयों को मुस्तैद और तैयार रखा जा रहा है।
दीपावली के दौरान आतिशबाजी व अन्य कारणों से आग लगने की आशंका को देखते हुए अग्निशमन व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है। इसी कड़ी में सोमवार, 02 नवम्बर को फायर स्टेशन रुद्रप्रयाग के अधीनस्थ फायर यूनिट अगस्त्यमुनि द्वारा अग्निशमन वाहनों एवं उपकरणों की कार्यशीलता जांचने के लिए विशेष अभ्यास (मॉक ड्रिल) आयोजित किया गया।
अभ्यास के दौरान अग्निशमन वाहनों में मौजूद फायर पम्प, फोम कम्पाउंड, होज पाइप सहित अन्य सभी महत्वपूर्ण उपकरणों का गहन परीक्षण किया गया। जांच के बाद सभी उपकरणों को किसी भी आपात स्थिति में तत्काल उपयोग के लिए तैयार रखा गया है। अग्निशमन इकाइयों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, ताकि समय रहते आग पर काबू पाकर जन-धन की हानि रोकी जा सके।
सुरक्षित दीपावली मनाने की अपील
रुद्रप्रयाग पुलिस ने आमजन से अपील की है कि दीपावली पर पटाखे जलाते समय सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखें और ज्वलनशील पदार्थों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। पुलिस प्रशासन ने कहा है कि किसी भी प्रकार की अग्नि दुर्घटना होने पर बिना देरी किए तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचित करें।