अल्मोड़ा: भैंसवाड़ा फार्म के स्थलीय निरीक्षण पर पंहुचे डीएम, गौशाला निर्माण की धीमी गति पर जताई नाराजगी

अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। अल्मोड़ा के जिलाधिकारी अंशुल सिंह आज मंगलवार को राजकीय चारा एवं बीज उत्पादन प्रक्षेत्र भैंसवाड़ा पहुंचे।

गौशाला निर्माण का किया निरीक्षण

यहां उन्होंने पशुपालन विभाग की गतिविधियों एवं संचालित गौशाला तथा निर्माणाधीन गौशाला का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने गौशाला निर्माण की धीमी गति के प्रति गहरी नाराजगी जाहिर करते हुए संबंधितों को निर्माण कार्य जल्द पूरा करने की सख्त हिदायत दी। ‌ज़िलाधिकारी ने कहा कि शासन द्वारा यहां गौशाला विस्तार को मंजूर किया है, इसलिए अधिकारी इसके प्रति तत्परता दिखाएं। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आई तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि मौके पर रहकर पूरा ड्राईंग तथा कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत की जाए। उन्होंने कहा कि गौशाला निर्माण को संवेदनशील होकर बनाएं। केवल अपनी जिम्मेदारियों से पल्ला न झाड़े अधिकारी। 100 गाय क्षमता की बनने वाली गौशाला के बारे में जिलाधिकारी ने कहा कि इसके बनने से आवारा गोवंश की समस्या का काफी हद तक समाधान किया जा सकेगा।

दिए यह निर्देश

इसके अलावा उन्होंने इसी क्षेत्र में एक अन्य गौशाला का प्रस्ताव भी तैयार करने के निर्देश संबंधितों को दिये। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र गौशाला बनाए जाने के काफी अनुकूल है। उन्होंने भैंसवाड़ा फार्म तक आने वाले पहुंच मार्ग का भी संज्ञान लिया तथा इसके निर्माण के  लिए भी प्रस्ताव तैयार कर आगणन बनाए जाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने यहां पशुपालन विभाग द्वारा संचालित की जा रही अन्य गतिविधियों की भी जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक दिशा निर्देश दिए।यहां पशुपालन विभाग, कार्यदाई संस्था जिला पंचायत के अधिकारी समेत अन्य संबंधित उपस्थित रहे ।