अल्मोड़ा: एसएसपी चन्द्रशेखर घोडके के निर्देशन में जनपद में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों और सड़क सुरक्षा को खतरे में डालने वाले चालकों के खिलाफ पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है।
पुलिस की कार्यवाही
इसी क्रम में प्रभारी इंटरसेप्टर अल्मोड़ा ने शराब के नशे में लापरवाही से बाइक चलाने वाले एक युवक को गिरफ्तार कर उसका वाहन सीज कर दिया है। साथ ही नियमों की अनदेखी करने वाले 25 अन्य लोगों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई है। 8 अप्रैल 2026 को इंटरसेप्टर प्रभारी सुमित पाण्डे व ट्रैफिक पुलिस की टीम टैक्सी स्टैंड तिराहे के पास चेकिंग कर रही थी।
तभी बाइक संख्या UP21-DL-6070 को जांच के लिए रोका गया। चालक पुलकित चौहान (निवासी जाखन देवी, अल्मोड़ा) शराब के नशे में पाया गया। इतना ही नहीं, चालक के पास ड्राइविंग लाइसेंस (DL) भी मौजूद नहीं था। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर मोटर वाहन अधिनियम के तहत बाइक को सीज कर दिया।
नियम तोड़ने वालों पर पुलिस सख्त
अभियान के दौरान पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले अन्य वाहन चालकों पर भी शिकंजा कसा। कुल 25 लोगों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं में चालानी कार्रवाई की गई।