अल्मोड़ा: फायर विभाग ने कसी कमर, होटल और संस्थानों में की अग्नि सुरक्षा उपकरणों की जांच, दिए जरूरी निर्देश

अल्मोड़ा: शहर में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आज फायर स्टेशन अल्मोड़ा द्वारा विभिन्न संस्थानों और होटलों में सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया।

किया निरीक्षण

यह कार्यवाही मुख्यालय के आदेशानुसार और मुख्य अग्निशमन अधिकारी‌ नरेन्द्र सिंह कुंवर के कुशल निर्देशन में संपन्न हुई।
​प्रभारी अग्निशमन अधिकारी मुकेश चतुर्वेदी के नेतृत्व में दमकल विभाग की टीम ने कोसी रोड स्थित RTO ऑफिस के साथ-साथ पाण्डेखोला क्षेत्र के शिवा होमस्टे, पिनाक होमस्टे और होटल सम्राट इन का औचक निरीक्षण किया। जिसमें परिसर में स्थापित फायर एक्सटिंग्विशर और अन्य सुरक्षा उपकरणों की कार्यक्षमता की जांच की गई। शॉर्ट सर्किट से बचाव के लिए विद्युत व्यवस्था का आकलन किया। आग लगने की स्थिति में सुरक्षित निकासी के लिए उपलब्ध रास्तों और आपातकालीन निकास द्वारों की पड़ताल की गई।

दिए सुरक्षा टिप्स

अभियान के दौरान प्रभारी अग्निशमन अधिकारी ने संस्थान के प्रबंधकों और वहां कार्यरत कर्मचारियों को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। उन्होंने अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम के उपाय बताए और यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि सभी कर्मी अग्निशमन उपकरणों का सही तरीके से उपयोग करना जानते हों। साथ ही, आपातकाल की स्थिति में बिना घबराए सुरक्षित निकासी के संबंध में महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश भी जारी किए गए।