अल्मोड़ा: धूमधाम से मनाया गया आस्था और श्रद्धा का प्रतीक लोक पर्व हरेला, जगह जगह आयोजित हुए पौधरोपण कार्यक्रम

अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। अल्मोड़ा में आज हर्षोल्लास के साथ हरेला पर्व मनाया गया। इसके साथ ही जगह-जगह फलदार और छायादार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

धूमधाम से मनाया गया हरेला पर्व

आज लोगों ने गणेश पूजन के साथ घरों में आठ दिन पूर्व बोया हरेला काटा और मंदिरों में अर्पित किया। जी रया, जागि रवा, यो दिन और यो मास भेंटनै रया…., आशीष वचनों के साथ बच्चों के सिर में हरेला रख सुख समृद्धि का आशीर्वाद दिया। वहीं, विवाहित महिलाओं ने मायके पहुंचकर भाई व परिवार के अन्य परिजनों को हरेला चढ़ाकर आशीर्वाद लिया। इस मौके पर लोगों ने घरों में पकवान भी बनाएं। हरेला पर्व के साथ जगह जगह वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित हुए।

कुमाउनी बाल कविता संकलन ‘पर्यावरण बचूंल हम’ का लोकार्पण

इस मौके पर आज राइंका नाई में हरेला लोकपर्व के अवसर पर पर्यावरण पर केंद्रित कुमाउनी बाल कविता संकलन ‘पर्यावरण बचूंल हम’ का लोकार्पण गया। कार्यक्रम में मौजूद प्रधानाचार्य डॉ. पवनेश ठकुराठी ने कहा कि ‘पर्यावरण बचूंल हम’ कविता संकलन में विद्यालय के बच्चों की कुल 25 पर्यावरणीय कविताएं संकलित हैं।