अल्मोड़ा: नगर में फिर बढ़ने लगा बंदरों का आतंक, लोग परेशान




अल्मोड़ा: अल्मोड़ा नगर क्षेत्र में बंदरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। बंदरों की बढ़ती संख्या ने एक बार फिर स्थानीय निवासियों की नींद उड़ा दी है।


बंदरों का आतंक


यहां पिछले कुछ समय से बंदरों के झुंड रिहायशी इलाकों में खुलेआम घूम रहे हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल है। इस समस्या को लेकर पाण्डेखोला निवासी मोहन चंद्र ने प्रशासन को ज्ञापन भेजकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। जिसमें बताया है कि कुछ समय पहले नगर निगम द्वारा बंदरों को पकड़ने के लिए चलाए गए अभियान से तादात में कुछ कमी जरूर आई थी, लेकिन यह राहत अस्थायी साबित हुई। नगर में एक बार फिर बंदरों के बड़े-बड़े झुंड दिखाई देने लगे हैं, जो राहगीरों और बच्चों के लिए खतरा बन रहे हैं। साथ ही आरोप है कि उचित दूरी पर न छोड़े जाने के कारण ये बंदर वापस नगर की ओर रुख कर रहे हैं। लोगों ने बंदरों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है‌।