अल्मोड़ा: ​खून के रिश्तों का कत्ल, पुलिस ने जम्मू-कश्मीर से गिरफ्तार किए दामाद-बेटी, पिता की हत्या कर हुए थे फरार

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा जिले के दन्या क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात का अल्मोड़ा पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने पिता की हत्या कर सैकड़ों किलोमीटर दूर जम्मू-कश्मीर में छिपे आरोपी दामाद और बेटी को गिरफ्तार कर लिया है।


​जानें क्या है पूरा मामला

​यह घटना 20 जून 2026 की रात की है। दन्या के सैली गाँव निवासी नारायण दत्त ने पुलिस को तहरीर दी थी कि उनके बेटे चंद्रशेखर पर उनके दामाद धर्मवीर शर्मा, बेटी जानकी पाण्डे और पत्नी खष्टी देवी ने एकराय होकर दरांती से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल चंद्रशेखर की इलाज के दौरान हल्द्वानी में मृत्यु हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।


​एसएसपी ने दिए यह

​एसएसपी अल्मोड़ा ने घटना की गंभीरता को देखते हुए तीन विशेष टीमों का गठन किया। पुलिस ने दिल्ली, पंजाब और हरियाणा सहित कई राज्यों में सर्च ऑपरेशन चलाया। करीब 150 सीसीटीवी कैमरों को खंगाला गया, जिसके बाद 23 जून को आरोपियों की कार हिसार (हरियाणा) से बरामद हुई। तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद से पुलिस को पता चला कि आरोपी जम्मू-कश्मीर के कटरा में छिपे हैं। दन्या पुलिस ने स्थानीय कटरा पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर 26 जून को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और ट्रांजिट रिमांड पर अल्मोड़ा ले आई। विवेचना के दौरान मृतक की पत्नी खष्टी देवी को मामले में निर्दोष पाया गया। पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि वे चंद्रशेखर से पुरानी रंजिश रखते थे। वे हत्या की प्लानिंग करीब एक महीने से कर रहे थे। उन्होंने अपनी सोने की अंगूठी, मंगलसूत्र और कान के झुमके बेचकर पैसे जुटाए और फिर अपनी कार से सैली गाँव आकर इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल दरांती और खून से सने कपड़े भी बरामद कर लिए हैं।


​आपराधिक इतिहास

​पकड़ा गया मुख्य आरोपी धर्मवीर शर्मा शातिर किस्म का अपराधी है, जिसके खिलाफ हरियाणा के थानों में बलात्कार, मारपीट और लूट जैसी संगीन धाराओं में पहले से ही कई मुकदमे दर्ज हैं।


​पुलिस टीम

​टीम में थानाध्यक्ष दन्या दिनेश नाथ महंत, एसओजी प्रभारी सुनील धानिक, उप निरीक्षक नरेश कोहली और अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहें।