अल्मोड़ा: सीएम के अल्मोड़ा भ्रमण को लेकर तैयारियां तेज, ‘एसडीजी अचीवर्स अवार्ड’ समारोह में करेंगे शिरकत, डीएम ने किया कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में आगामी 27 मई 2026 को मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के प्रस्तावित जनपद भ्रमण कार्यक्रम के दृष्टिगत जिलाधिकारी अंशुल सिंह द्वारा कार्यक्रम स्थल उदय शंकर नृत्य अकादमी फ़लसीमा का निरीक्षण किया गया।

डीएम ने किया निरीक्षण

जिलाधिकारी ने स्थलीय निरीक्षण करते हुए मौके पर उपस्थित अधिकारियों को विभिन्न कार्य सौंपे। जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री के भ्रमण कार्यक्रम की तैयारियां समय से संपन्न कर ली जाए। सभी अधिकारी आपसी समन्वय से व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने कहा कि उदय शंकर नृत्य अकादमी में एस डी जी अचीवर्स अवार्ड वितरण समारोह का आयोजन किया जाना प्रस्तावित है। इसके लिए आगंतुकों के बैठने, अवॉर्ड वितरण करने जैसे विभिन्न कार्यों के लिए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी हैं।जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि समस्त व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखा जाए।

रहें उपस्थित

इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर घोड़के, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।