अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। कोलकाता में महिला चिकित्सक के बलात्कार व निर्मम हत्या से पूरे देश में विरोध प्रदर्शन हो रहा है।
24 घंटे का कार्य बहिष्कार का आह्वान
जिस पर प्रान्तीय चिकित्सा स्वास्थ्य सेवा संघ जनपद शाखा-अल्मोड़ा ने कोलकाता में महिला चिकित्सक के बलात्कार व निर्मम हत्या के विरोध में 24 घंटे का कार्य बहिष्कार का आह्वान किया है। जिसमें बताया है कि जैसा कि आपको विदित ही है कि कोलकाता में आर०जी० कर मेडिकल कॉलेज की एक महिला रेजिडेण्ट चिकित्सक की कॉलेज के अन्दर ही सेमिनार रूम में सामूहिक बलात्कार के बाद निर्मम हत्या कर दी गयी। यही नहीं इस नृशंस वारदात के विरोध में और अपनी साथी चिकित्सक को न्याय दिलवाने के लिए शांतिपूर्ण आन्दोलन कर रहे चिकित्सकों पर चिकित्सालय के अन्दर ही भारी भीड़ द्वारा हमला कर दिया गया व पूरे चिकित्सालय में तोड़ फोड़ भी की गयी। अभी तक भी कोलकाता पुलिस तथा पश्चिम बंगाल राज्य सरकार द्वारा कोई भी ठोस कदम नहीं उठाया गया है। कोलकाता जो कि पश्चिम बंगाल की राजधानी भी है यहां ऐसी अराजकता और भारी भीड़ का जमा होना और तोड़फोड़ करना राज्य सरकार की विफलता को भी दर्शाता है।
यह सेवाएं रहेंगी बंद
आई०एम०ए० द्वारा पूरे देश में तथा प्रान्तीय चिकित्सा स्वास्थ्य सेवा संघ उत्तराखण्ड द्वारा उत्तराखण्ड राज्य में कल शनिवार सुबह 6:00 बजे से रविवार सुबह 6:00 बजे तक 24 घंटों का कार्य बहिष्कार का आह्वान किया गया है। जिसके क्रम में प्रान्तीय चिकित्सा स्वास्थ्य सेवा संघ जनपद शाखा अल्मोडा के सभी सदस्य चिकित्सक शनिवार दिनांक-17.08.2024 सुबह 6:00 बजे से रविवार दिनांक 18.08.2024 सुबह 6:00 बजे तक 24 घंटों के कार्य बहिष्कार पर रहेंगें। कार्य बहिष्कार के दौरान आपातकालीन सेवायें / पोस्टमार्टम तथा वी०आई०पी० ड्यूटी यथावत चलती रहेगी। ओ०पी०डी० तथा इलैक्टिव सर्जरी नहीं की जायेगी।