अल्मोड़ा: सीमाओं की सुरक्षा से लेकर मानव तस्करी रोकने तक SSB का बड़ा एक्शन, उत्कृष्ट सेवा के लिए 18 अधिकारी DG डिस्क सम्मान से सम्मानित

रानीखेत (अल्मोड़ा): भारत-नेपाल और भारत-भूटान अंतरराष्ट्रीय सीमाओं की सुरक्षा में तैनात सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने सीमावर्ती अपराधों पर अंकुश लगाने, आंतरिक सुरक्षा और सामाजिक सहभागिता में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं।

दी यह जानकारी

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सीमांत मुख्यालय गनियाद्योली में आयोजित एक प्रेसवार्ता में आईजी अमित कुमार ने जानकारी दी। उन्होंने बल की सफलताओं का ब्योरा साझा किया। जिसमें उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और जवानों के सम्मान की घोषणा की। बल के अधिकारियों और जवानों की उत्कृष्ट सेवा, साहस और कर्तव्यपरायणता को देखते हुए सीमांत मुख्यालय के 18 अधिकारियों एवं कार्मिकों को ‘महानिदेशक गोल्डन व सिल्वर डिस्क’ तथा 11 कार्मिकों को ‘महानिदेशक प्रशस्ति पत्र’ से सम्मानित किया गया है।

बताई यह प्रमुख उपलब्धियां

• ​अंतरराष्ट्रीय सीमा पर मानव तस्करी के 45 मामले दर्ज किए गए। SSB जवानों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 32 तस्करों को गिरफ्तार किया और 52 पीड़ितों को सुरक्षित मुक्त कराया।
• ​भारतीय अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाने की साजिशों को नाकाम करते हुए 116 मामलों में कार्रवाई की गई। इसके तहत 54.74 लाख रुपये की नकली भारतीय मुद्रा और 8.09 लाख रुपये मूल्य की विदेशी मुद्रा जब्त की गई।
• ​नशीले पदार्थों की अवैध सप्लाई रोकने के लिए चलाए गए अभियानों में 136 तस्करों को दबोचकर 41.87 किलोग्राम मादक पदार्थ बरामद किया गया।
• आईजी अमित कुमार ने बताया कि बल अंतरराष्ट्रीय सीमाओं के अलावा जम्मू-कश्मीर में आंतरिक सुरक्षा, चुनाव, अमरनाथ यात्रा और आपदाकाल के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है। इसके साथ ही सुदूर सीमावर्ती गांवों में मानव व पशु चिकित्सा शिविरों का आयोजन, युवाओं के लिए कौशल विकास कार्यक्रम और सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता फैलाने का कार्य लगातार जारी है।