अल्मोड़ा अपडेट: क्वारब-अल्मोड़ा एनएच-109 यातायात के लिए खुला, वैकल्पिक मार्ग पर इतने जुलाई तक प्रतिबंध

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा जिले में मानसून की सक्रियता के बीच यातायात को लेकर महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है। जिलाधिकारी एवं जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष अंशुल सिंह ने निर्देश जारी किए हैं कि अल्मोड़ा-क्वारब राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-109) को अब हल्के और भारी सभी प्रकार के वाहनों के लिए खोल दिया गया है।

कार्य जारी

लोक निर्माण विभाग (राष्ट्रीय राजमार्ग) रानीखेत के अधिशासी अभियंता ने जानकारी दी कि क्वारब बाईपास मार्ग पर भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन (लैंडस्लाइड) के बाद मार्ग को सुरक्षित कर लिया गया है। वर्तमान में एनएच-109 के किमी 56 पर सड़क की चौड़ाई लगभग 07 मीटर तक बहाल कर दी गई है। हालांकि, सुरक्षा के दृष्टिगत वहां अभी भी स्केलिंग और ट्रीटमेंट का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।

यातायात संबंधी दिशा-निर्देश

• ​एनएच-109 (अल्मोड़ा-क्वारब): यह मार्ग 15 जुलाई से 18 जुलाई, 2026 तक सभी प्रकार के वाहनों (हल्के वाहन, यात्री बसें और भारी वाहन) के लिए सुचारू रूप से खुला रहेगा।
• ​वैकल्पिक मार्ग (चौसली-क्वारब): 15 जुलाई से 18 जुलाई तक यह वैकल्पिक मार्ग सभी प्रकार के वाहनों के लिए पूरी तरह बंद रहेगा।
इन सेवाओं को छूट

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि एम्बुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाओं में लगे वाहनों को इन प्रतिबंधों से छूट दी गई है। वहीं, किसी विशेष अपरिहार्य स्थिति में यातायात की अनुमति देने का अधिकार संबंधित उप-जिलाधिकारी (SDM), क्षेत्राधिकारी पुलिस (CO) और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी को दिया गया है। जिला प्रशासन ने चेतावनी दी है कि आदेशों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रतिबंधित अवधि में यदि कोई वाहन वैकल्पिक मार्ग पर पाया जाता है और कोई दुर्घटना होती है, तो संबंधित थाना या चौकी प्रभारी की पूर्ण जिम्मेदारी तय की जाएगी।