अल्मोड़ा: उत्तराखंड अध्यापक पात्रता परीक्षा (UTET-I एवं UTET-II) 2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। परीक्षा 29 सितंबर (मंगलवार) को सुबह 10:00 बजे से शाम 04:30 बजे तक आयोजित की जाएगी।
कल परीक्षा का आयोजन
परगना मजिस्ट्रेट संजय कुमार ने बताया कि परीक्षा के दौरान शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका को देखते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 की धारा-163 के तहत निषेधाज्ञा (पाबंदियां) लागू की गई हैं। परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर की परिधि में अस्त्र-शस्त्र, लाठी-डंडे या धारदार हथियार लेकर चलने पर पूरी तरह रोक रहेगी। (यह नियम ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाबलों पर लागू नहीं होगा।) परीक्षा केंद्र के 200 मीटर के भीतर अनधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश वर्जित रहेगा। केवल परीक्षार्थी, प्राधिकृत कर्मी और पुलिस बल ही प्रवेश कर सकेंगे। केंद्र के आसपास ईंट, पत्थर या फेंककर मारी जाने वाली चीजें एकत्र करने पर पाबंदी है। परीक्षा को प्रभावित करने के उद्देश्य से 5 या उससे अधिक व्यक्ति एक स्थान पर एकत्र नहीं हो सकेंगे। बिना अनुमति ध्वनि विस्तारक यंत्र (लाउडस्पीकर) के प्रयोग और किसी भी प्रकार के भाषण पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
सख्त कार्रवाई की चेतावनी
यह आदेश 29 सितंबर 2026 को सुबह 10:00 बजे से शाम 04:30 बजे तक प्रभावी रहेगा। परगना मजिस्ट्रेट ने स्पष्ट किया कि आदेश का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 223 के तहत सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।