अल्मोड़ा: मतदाता सूची पुनरीक्षण, 57 हजार से अधिक मतदाताओं के प्रपत्र अभी भी लंबित

अल्मोड़ा: जनपद में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर जिलाधिकारी व जिला निर्वाचन अधिकारी अंशुल सिंह ने कलेक्ट्रेट में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की।

बैठक का आयोजन

इस बैठक में स्पष्ट किया गया कि शत-प्रतिशत प्राप्त प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन पूरा कर लिया गया है, लेकिन अभी भी एक बड़ा हिस्सा प्रक्रिया से बाहर है। पूरे जनपद की विधानसभाओं में वर्तमान में कुल 5,27,424 मतदाता पंजीकृत हैं।‌जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, कुल 57,548 गणना प्रपत्र अभी तक प्राप्त नहीं हुए हैं, जो कुल मतदाताओं का लगभग 10.91 प्रतिशत है।
प्रशासन की अपील

जिलाधिकारी ने कहा कि ड्राफ्ट रोल के प्रकाशन से पूर्व इन लंबित प्रपत्रों को एकत्र करना अत्यंत आवश्यक है। इससे मतदाताओं को भविष्य में नोटिस या अन्य कानूनी प्रक्रियाओं से नहीं जूझना पड़ेगा। इसके लिए उन्होंने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे बूथ लेवल एजेंटों (BLA) के साथ समन्वय स्थापित कर इन प्रपत्रों को जमा कराने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य करें।

संयुक्त प्रयास पर दिया जोर

जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे संबंधित बूथों पर बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) के साथ मिलकर मतदाताओं को जागरूक करें और प्रपत्र जमा कराने में सहयोग करें।

रहें उपस्थित

बैठक में अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी भरत सिंह रावत और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।