बागेश्वर जिले से जुड़ी खबर सामने आई है। कांडा में विगत एक सितंबर से लापता चल रहे युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बिगुल के समीप जंगल में मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।मामले में फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
युवक का शव 300 मी नीचे खाई में गिरा पड़ा था
पुलिस के अनुसार कपकोट के अनर्सा निवासी दयाल सिंह मेहता उर्फ खली (31) पुत्र भवान सिंह मेहता कांडा के झांकरा से बनलेख तक बन रही जलजीवन मिशन की पेयजल योजना में श्रमिक का काम करता था। वह एक सितंबर को घर से काम पर जाने के लिए निकला था। जिसके बाद से उसका पता नहीं चला। चार सितंबर को उसके चचेरे भाई चंचल सिंह मेहता ने कांडा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। युवक का शव बिगुल और हुड़मधार के बीच जंगल में मिला। शव करीब 300 मीटर नीचे खाई में पड़ा था। पुलिस ने फायर सर्विस और पुलिस के जवानों ने शव को खाई से बाहर निकाला। परिजनों द्वारा शिनाख्त करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के कारणों का चल सकेगा पता
सीओ शिवराज सिंह राणा ने बताया कि युवक का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले में परिजनों की ओर से तहरीर नहीं मिली है।