बड़ी खबर: NEET (UG) 2026 परीक्षा हुई रद्द, धांधली की शिकायतों के बाद सरकार का फैसला, CBI करेगी जांच

बड़ी खबर: देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET (UG) 2026 को लेकर नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने एक बड़ा निर्णय लिया है। 3 मई 2026 को आयोजित हुई इस परीक्षा को आधिकारिक तौर पर रद्द कर दिया गया है।

परीक्षा की रद्द

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) को सौंप दी है। मंगलवार, 12 मई को जारी एक प्रेस रिलीज में NTA ने स्पष्ट किया कि पारदर्शिता बनाए रखने और परीक्षा की शुचिता की रक्षा के लिए यह कदम उठाना अनिवार्य हो गया था। रद्द हुई परीक्षा को दोबारा आयोजित किया जाएगा। नई तारीखों की घोषणा जल्द ही NTA की आधिकारिक वेबसाइट पर की जाएगी। दोबारा होने वाली परीक्षा के लिए नए एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे, जिसका शेड्यूल आने वाले दिनों में साझा होगा। NTA ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर चल रही अपुष्ट रिपोर्टों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक चैनलों के माध्यम से दी गई जानकारी पर ही भरोसा करें।

​जानें क्यों रद्द हुई परीक्षा?

​प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, NTA को कानून प्रवर्तन एजेंसियों और केंद्रीय जांच एजेंसियों से कुछ ऐसी रिपोर्ट और इनपुट्स मिले थे, जिनसे यह साबित हो गया कि वर्तमान परीक्षा प्रक्रिया को स्वीकार नहीं किया जा सकता। जांच में परीक्षा की गोपनीयता भंग होने या अनियमितताओं के संकेत मिलने के बाद भारत सरकार की मंजूरी से इसे रद्द करने का निर्णय लिया गया। भारत सरकार ने इस पूरे मामले को विस्तृत जांच के लिए CBI को रेफर कर दिया है। NTA ने भरोसा दिलाया है कि वह ब्यूरो को सभी आवश्यक दस्तावेज, रिकॉर्ड और सहयोग प्रदान करेगी ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।