अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में आगामी निर्वाचन तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। आज सोमवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में निर्वाचन संबंधी तैयारियों की समीक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक का आयोजन
इस बैठक के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपद के सभी उपजिलाधिकारियों से निर्वाचन से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं और प्रारंभिक तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मतदान केंद्रों का भौतिक सत्यापन करने के साथ ही वहां बिजली, पेयजल, शौचालय, रैंप और अन्य जरूरी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) की नियुक्ति और उनके कार्यों की नियमित निगरानी पर विशेष जोर दिया गया। मतदान केंद्रों तक सुगम पहुंच और संवेदनशील मतदान केंद्रों की समय रहते पहचान करने को कहा गया।
दिए यह निर्देश
जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सत्यापन के दौरान यदि मतदान केंद्रों पर कोई कमी पाई जाती है, तो उसका तुरंत समाधान किया जाए। साथ ही, बूथ स्तर पर किसी भी प्रकार की समस्या से बचने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा गया।
रहें उपस्थित
इस बैठक में अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र और उपजिलाधिकारी संजय कुमार प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित रहे, जबकि अन्य उपजिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से इस बैठक से जुड़े।