हल्द्वानी दुखद: अस्पताल से जच्चा-बच्चा को लेकर घर लौट रहा था परिवार, नहर में गिरी कार, नवजात समेत चार की मौत, तीन घायल

हल्द्वानी से जुड़ी खबर सामने आई है। हल्द्वानी में आज बुधवार को एक दुखद हादसे में नवजात समेत चार लोगों की मौत हो गई।

नहर के तेज बहाव में बही कार

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पुलिस के अनुसार किच्छा के बरा निवासी एक महिला को चार दिन पहले प्रसव पीड़ा होने पर एसटीएच लाया गया था। यहां महिला ने एक बेटे को जन्म दिया। जिसके बाद आज बुधवार सुबह सात बजे अस्पताल से जच्चा-बच्चा को डिस्चार्ज कर दिया गया था। इसके बाद परिवार कार से दोनों को लेकर वन विभाग के बगल से जा रही नहर के रास्ते किच्छा को जा रहा था। तभी कार अनियंत्रित होकर कोतवाली क्षेत्र में फायर ब्रिगेड दफ्तर के पीछे बहने वाली सिंचाई नहर में गिर गई। इस हादसे में चार दिन के नवजात उसके पिता, नानी समेत चार लोग की मौत हो गई है। वहीं मां, चालक समेत तीन घायल हैं। एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

तीन घायलों को अस्पताल में किया भर्ती

रिपोर्ट्स के मुताबिक इस घटना की सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर पुलिस पहुंची। पुलिस के साथ-साथ फायर ब्रिगेड की टीम ने रेस्क्यू कर कार को बाहर निकाला। जिसमें तीन घायलों को सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस घटना के संबंध में एसपी सिटी प्रकाश चंद्र ने बताया कि “कार में कुल सात लोग सवार थे। इनमें एक बच्चे समेत चार लोगों की मौत हो गई है। तीन लोगों का उपचार चल रहा है।