हल्द्वानी: कानून हाथ में लिया तो खैर नहीं,हल्द्वानी में महिला से बदसलूकी करने वाला सलीक अली हुआ गिरफ्तार, SSP ने दिया यह सख्त संदेश

हल्द्वानी (नैनीताल): हल्द्वानी के टीपी नगर क्षेत्र से एक मामला सामने आया है, यहां एक महिला के साथ सरेआम गाली-गलौज, अभद्रता करने और जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस की कार्यवाही

आरोपी का सोशल मीडिया पर धमकी देते हुए एक वीडियो भी तेजी से वायरल हुआ था, जिसका संज्ञान लेते हुए पुलिस ने यह कदम उठाया। मिली जानकारी के अनुसार, घटना 14 जुलाई 2026 की दोपहर लगभग 1:30 बजे की है। डहरिया स्थित नीलांचल कॉलोनी (फेज-6) में रहने वाली पीड़िता के घर पर एक डिलीवरी बॉय पता पूछने आया था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले आरोपी सलीक अली (पुत्र आफ़ताब हुसैन) ने बिना किसी कारण के महिला के साथ गाली-गलौज और गंदे इशारे करना शुरू कर दिया। जब पीड़िता ने इसका विरोध किया, तो आरोपी हाथ में लकड़ी लेकर उसे मारने दौड़ा। आरोपी ने अत्यंत आपत्तिजनक और अमर्यादित शब्दों का प्रयोग करते हुए महिला को जान-माल और उसकी इज्जत को नुकसान पहुँचाने की गंभीर धमकियाँ दीं। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी सलीक अली इससे पहले भी कई बार उसके और उसकी बेटी के साथ इस तरह की अभद्र हरकतें और छेड़खानी कर चुका है।

पुलिस ने किया गिरफ्तार

​पीड़िता की तहरीर पर कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने तत्काल एक्शन लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ FIR No- 238/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 79, 351(3) और 352 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया।
​मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) नैनीताल, डॉ0 मंजूनाथ टीसी ने आरोपियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सलीक अली को धारा 172 BNSS के तहत गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
​एसएसपी की सख्त चेतावनी

​मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ0 मंजूनाथ टीसी ने कहा कि कोई भी व्यक्ति कानून व्यवस्था को अपने हाथ में लेने की कोशिश न करे। महिलाओं की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। समाज में शांति भंग करने वाले और महिलाओं से अभद्रता करने वाले किसी भी शरारती तत्व को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे अपराधियों के खिलाफ नैनीताल पुलिस सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाएगी।

​पुलिस टीम रहीं शामिल

मनोज कुमार (चौकी प्रभारी, टीपी नगर), म0उ0नि0 रेनू सिंह, कानि0 हिमांशु जोशी व कानि0 धीरेंद्र सिंह अधिकारी शामिल रहें।