भारतीय हॉकी खिलाड़ी पी.आर. श्रीजेश को वर्ल्‍ड गेम्स एथलीट ऑफ द ईयर चुना गया

भारत के जाने माने हॉकी गोलकीपर पी.आर. श्रीजेश को वर्ष 2021 में उनके प्रदर्शन के लिए प्रतिष्ठित वर्ल्‍ड गेम्स एथलीट ऑफ द ईयर चुना गया है । वे यह सम्मान पाने वाले केवल दूसरे भारतीय हैं। 2020 में भारतीय महिला हॉकी कप्तान रानी रामपाल वर्ष 2019 में अपने प्रदर्शन के लिए यह सम्मान जीतने वाली पहली भारतीय थी।

इटली के वुशु खिलाड़ी मिशेल जिओर्डानो को पीछे छोड़कर यह सम्‍मान अपने नाम किया

श्रीजेश ने स्पेन के स्‍पोर्ट क्‍लाइम्‍बर अल्बर्टो गिन्स लोपेज और इटली के वुशु खिलाड़ी मिशेल जिओर्डानो को पीछे छोड़कर यह सम्‍मान अपने नाम किया। श्रीजेश भारतीय पुरुष हॉकी टीम के पूर्व कप्तान और तोक्यो ओलिंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली टीम के सदस्य रहे हैं। श्रीजेश को लगभग एक लाख 27 हजार वोट मिले, जबकि लोपेज को लगभग 67 हजार और जिओर्डाने को 52 हजार से अधिक वोट मिले। 33 वर्षीय श्रीजेश इस पुरस्‍कार के लिए मनोनीत होने वाले एकमात्र भारतीय खिलाड़ी थे और अंतर्राष्ट्रीय हॉकी संघ ने उनके नाम की सिफारिश की थी।

श्रीजेश को 2021 के लिए गोलकीपर ऑफ द ईयर चुना गया था

अक्टूबर में एफआईएच स्टार्स अवार्ड्स में श्रीजेश को 2021 के लिए गोलकीपर ऑफ द ईयर चुना गया था। श्रीजेश ने 244 अंतरराष्ट्रीय मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। 2016 के रियो ओलिंपिक में श्रीजेश के नेतृत्‍व में भारतीय हॉकी टीम क्वार्टर फाइनल में पहुंची थी। उनकी कप्‍तानी में लंदन में आयोजित 2016 पुरुष हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी में भारतीय टीम ने रजत पदक हासिल किया था।