देश दुनिया की खबरों से हम आपको रूबरू कराते रहते हैं। एक ऐसी खबर हम आपके सामने लाए हैं। नेपाल में भीषण बाढ़ और भूस्खलन से काफी तबाही मची है। जिस पर इन प्रभावित लोगों की मदद के लिए भारतीय मूल के जाने-माने टेक उद्यमी और पॉलीगन लैब्स के सह-संस्थापक संदीप नैलवाल मदद के लिए आगे आए हैं।
शुरू किया यह अभियान
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मूल रूप से उत्तराखंड के रहने वाले संदीप नैलवाल ने नेपाल के आपदा पीड़ितों के लिए ‘नेपाल रिलीफ डॉट ओआरजी’ (nepalrelief.org) के माध्यम से एक विशेष स्टेबलक्वाइन-आधारित (डिजिटल करेंसी) दान अभियान की शुरुआत की है। इस पहल के माध्यम से दुनिया के किसी भी कोने से लोग सीधे क्रिप्टोकरेंसी/स्टेबलक्वाइन में अपना योगदान दे सकते हैं। जुटाए गए फंड को स्थानीय नेपाली मुद्रा में बदलकर सीधे नेपाल सरकार के ‘प्रधानमंत्री आपदा राहत कोष’ में हस्तांतरित किया जाएगा।
इतने करोड़ नेपाली रुपये की राशि जुटाई
अभियान को वैश्विक स्तर पर शानदार समर्थन मिल रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक रविवार सुबह तक इस पहल के माध्यम से लगभग 1,73,202 डॉलर (करीब 2.62 करोड़ नेपाली रुपये) की सहायता राशि एकत्र की जा चुकी थी। इस अभियान को पॉलीगन लैब्स के ‘ओपन मनी स्टैक’, कॉइनमी और अमेरिका स्थित क्रॉस रिवर बैंक का तकनीकी और प्रशासनिक सहयोग मिल रहा है। संदीप नैलवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म लिंक्डइन पर जानकारी देते हुए कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में राहत राशि को बिना किसी देरी के सीधे जरूरतमंदों तक पहुँचाने में स्टेबलक्वाइन बेहद कारगर साबित होते हैं। इस अंतरराष्ट्रीय राहत अभियान को सफल बनाने में नेपाली टेक उद्यमी बाल कृष्ण जोशी ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने आयोजकों का नेपाल सरकार के साथ समन्वय स्थापित कराया, ताकि जुटाई गई पूरी राशि को आधिकारिक सरकारी राहत प्रयासों से सीधा जोड़ा जा सके।