उत्तराखंड : डाकघर में हुई चोरी के मामले में एक गिरफ्तार,दो दिन पूर्व डाकघर के गेट का भी तोड़ा था ताला, आरोपी के विरुद्ध विभिन्न मामले दर्ज

कोतवाली पुलिस ने दो दिन पूर्व डाकघर में हुई चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जिसकी निशानदेही पर चोरी का सामान भी बरामद कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज

खटीमा नगर स्थित डाकघर में शुक्रवार की देर रात को अज्ञात चोरों ने मेन गेट का ताला तोड़कर मॉनिटर,  एमपी काउंटर, एसबी काउंटर, ट्रेजरी अनुवाद एवं यूपीएस की 16 बैट्री, सेविंग काउंटर की रैक, डाक थैले, बचत बैंक टीएल, नए खातों के आवेदन पत्र समेत विभिन्न समान चोरी कर लिया था। पुलिस ने उप डाकपाल गोपाल दत्त जोशी की तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया था।

आरोपी के विरुद्ध विभिन्न मामले दर्ज

पुलिस क्षेत्राधिकारी वीर सिंह  ने कोतवाल नरेश चौहान के नेतृत्व में टीम गठित कर दी थी, जो मामले के खुलासे के लिए कार्रवाई कर रही थी। इस बीच मुखबिर ने खटीमा रोडवेज के पास चोरी के आरोपी के होने की जानकारी दी। जिसको टीम ने घेराबंदी कर दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने खुद को इस्लामनगर वार्ड पांच का कासिम उर्फ बबलू बताया। इसकी निशानदेही पर चोरी का सामान भी बरामद कर लिया गया। कोतवाल नरेश चौहान ने बताया कि डाकघर में हुई चोरी के मामले में एक आरोपी को मय सामान के गिरफ्तार किया गया है। साथ ही मामले में धारा 411 आईपीसी की बढ़ोतरी की गई है। आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी विभिन्न मामले दर्ज हैं। जिसको न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

टीम में शामिल पुलिस टीम

टीम में एसएसआई अशोक कुमार, बाजार चौकी प्रभारी होशियार सिंह, दीपक कुमार, शाहनवाज, राजेंद्र गिरी शामिल रहे।