दूसरी बार आयरलैंड के प्रधानमंत्री चुने गए भा्रतीय मूल के लियो वराडकर, पीएम मोदी ने दी बधाई

भा्रतीय मूल के लियो वराडकर दूसरी बार आयरलैंड के प्रधानमंत्री चुने गए हैं। देश की मध्य मार्गी गठबंधन सरकार के साथ बारी बारी से सत्‍ता संभालने के समझौते के तहत वराडकर ने प्रधानमंत्री का पद संभाला है।

पहले कार्यकाल में लियो वराडकर 2017 से 2020 तक आयरलैंड के प्रधानमंत्री रहे

सांसदों ने आयरलैंड के निचले सदन डाइल में हुए विशेष सत्र में प्रधानमंत्री पद पर माइकल मार्टिन के स्थान पर वराडकर के नामांकन को मंजूरी दी। आयरलैंड के राष्ट्रपति डी. हिगिन्स के कार्यालय से स्वीकृति मिलने के बाद वराडकर की नियुक्ति की पुष्टि हुई। अपने पहले कार्यकाल में लियो वराडकर 2017 से 2020 तक आयरलैंड के प्रधानमंत्री रहे।

 पीएम मोदी ने दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आयरलैंड के प्रधानमंत्री का पद संभालने पर  वराडकर को बधाई दी है। एक ट्वीट में मोदी ने कहा कि भारत और आयरलैंड के बीच ऐतिहासिक संबंधों, साझा संवैधानिक मूल्यों और बहुमुखी सहयोग का वह सम्मान करते हैं। पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें दोनों गतिशील अर्थव्यवस्थाओं की पूरी क्षमता के उपयोग के लिये मिलकर काम करने का इंतजार रहेगा ।