◆ शिक्षक दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज नई दिल्ली में आयोजित समारोह में प्रदेश के दो शिक्षकों समेत देशभर के 46 शिक्षकों को राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित करते हुए बधाई दी। उत्तराखंड के दो शिक्षकों को भी राष्ट्रपति ने सम्मानित किया।
◆ सम्मानित होने वालों में शहीद ध्यान सिंह बसेड़ा राजकीय इंटर कॉलेज, प्रतापपुर, चकलुवा नैनीताल के प्रधानाचार्य कौस्तुभ चंद्र जोशी और राजकीय इंटर कॉलेज, भेल रानीपुर, हरिद्वार के लेक्चरर प्रदीप सिंह नेगी शामिल हैं।
◆ केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट ने उत्तराखंड की भौगोलिक विषमताओं को देखते हुए जिलों की संख्या बढ़ाए जाने की जरूरत पर बल दिया है। आज ऊधमसिंहनगर के रूद्रपुर में उन्होंने कहा कि छोटे जिलों के निर्माण से विकास को गति मिलती है।
◆ विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी ने कहा है कि प्रदेश के युवाओं का खेल क्षेत्र में ऐतिहासिक प्रदर्शन बताता है कि राज्य में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि जिस राज्य और देश में खेल को महत्व दिया है वही विश्व पटल पर भौतिक व आध्यात्मिक रूप से समृद्ध हुआ है।
◆ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अल्मोड़ा के सल्ट में शहीद स्मारक बनाए जाने के साथ ही 5 सितम्बर शहीद दिवस पर आयोजित मेला को राजकीय मेला घोषित करने की घोषणा की।
◆ आज सल्ट में आयोजित शहीद दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि राजकीय इण्टर कालेज नेलवालपाली का नाम स्वतन्त्रता संग्राम सैनानी शहीद अम्बा दत्त के नाम रखा जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ’सल्ट क्रान्ति’ के नायकों को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
◆ अग्निपथ योजना के अंतर्गत पिथौरागढ़ में आज से अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गयी है। पिथौरागढ़ और चंपावत के युवाओं के लिए यह भर्ती रैली जनरल बी.सी. जोशी आर्मी पब्लिक स्कूल में आयोजित की जा रही है। भर्ती रैली 12 सितम्बर तक चलेगी।
◆ बीते 24 घंटे के भीतर छह जिलों में 50 नए संक्रमित मरीज सामने आए हैं।
◆ आज वन दरोगा भर्ती परीक्षा में भी स्पेशल टास्क फोर्स ( STF) का एक्शन देखने को मिला। परीक्षा में नकल करने के आरोप पर दो अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया गया है।
◆ आज शिक्षक दिवस है। इस अवसर पर देहरादून में आयोजित एक समारोह में राज्यपाल गुरमीत सिंह ने प्रदेशभर से चयनित 39 शिक्षक और शिक्षिकाओं को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए ‘‘शैलेश मटियानी राज्य शैक्षिक पुरस्कार’’ से सम्मानित किया।
◆ उत्तराखण्ड में भू-कानून के अध्ययन व परीक्षण के लिए गठित समिति ने आज देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को अपनी रिपोर्ट सौंप दी है। समिति ने प्रदेश हित में निवेश की संभावनाओं के साथ अपनी 23 संस्तुतियां राज्य सरकार को सौंपी।