नैनीताल: हनुमान मंदिर के दर्शन के बाद अर्पण यदुवंशी ने संभाला नैनीताल एसएसपी का कार्यभार, सिलक्यारा रेस्क्यू में निभा चुके हैं अहम भूमिका

​नैनीताल: भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के 2017 बैच के अधिकारी अर्पण यदुवंशी ने शुक्रवार को नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) का कार्यभार संभाल लिया।

संभाला कार्यभार

पदभार ग्रहण करने से पहले उन्होंने काठगोदाम स्थित श्री हनुमान मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद लिया। हल्द्वानी स्थित पुलिस कार्यालय पहुंचने पर उन्हें सलामी गार्द ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया, जिसके बाद पुलिस के राजपत्रित अधिकारियों और कर्मचारियों ने पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।


​अनुभव और प्रमुख उपलब्धियां

​अर्पण यदुवंशी अपनी अनुशासित और परिणाममुखी कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। अपने सेवाकाल में उन्होंने कई अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं।
• ​सिलक्यारा बचाव अभियान: उत्तरकाशी में करीब ढाई साल के कार्यकाल के दौरान उन्होंने चारधाम यात्रा की सुरक्षा व यातायात व्यवस्था संभाली। इसी दौरान सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान में घटना कमांडर के रूप में उन्होंने विभिन्न एजेंसियों के साथ समन्वय कर सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
• ​SDRF में नेतृत्व: राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) के सेनानायक के रूप में लगभग दो साल तक उन्होंने प्रयागराज महाकुंभ 2025 में एक माह तक SDRF की तैनाती का नेतृत्व किया। अगस्त 2025 की धराली आपदा के दौरान 1,386 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू करने और 17,000 लोगों को भोजन उपलब्ध कराने में उनकी टीम की अहम भूमिका रही। उनके कार्यकाल में SDRF को ISO 9001:2015 प्रमाणन मिला और करीब 1.80 लाख लोगों को आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक किया गया।
• ​रेलवे (GRP): पुलिस अधीक्षक (रेलवे) के पद पर रहते हुए उन्होंने ट्रेनों व स्टेशनों पर कानून-व्यवस्था और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर काम किया।


​राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय पहचान और सम्मान

​अर्पण यदुवंशी ने BRICS आपदा जोखिम न्यूनीकरण कार्य समूह में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व किया और सिलक्यारा रेस्क्यू के अनुभव साझा किए। उन्होंने LBSNAA, NCGG और सरदार पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी सहित कई प्रतिष्ठित संस्थानों में आपदा प्रबंधन पर व्याख्यान भी दिए हैं। ​उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें प्रधानमंत्री कार्यालय से प्रशंसा-पत्र, मुख्यमंत्री उत्कृष्ट सेवा पदक 2024, महाकुंभ सेवा पदक 2025, अमेरिकी दूतावास का प्रशंसा पदक, NDMA प्रशस्ति और DGP प्रशस्ति डिस्क सिल्वर जैसे सम्मान मिल चुके हैं।
​पदभार संभालने के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि उनके अनुभव से नैनीताल जनपद में कानून-व्यवस्था और मजबूत होगी तथा जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता मिलेगी।