नैनीताल: कुमाऊं विवि में युवाओं के लिए खुशखबरी: पर्यटन व एडवेंचर सेक्टर में शुरू होंगे यह 4 नए फ्री सर्टिफिकेट कोर्स

नैनीताल: कुमाऊँ विश्वविद्यालय का पर्यटन एवं आतिथ्य सत्कार प्रबंधन विभाग उत्तराखंड कौशल विकास सोसाइटी तथा प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (PMKVY) के तहत जल्द ही चार नए अल्पकालिक कौशल आधारित प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम शुरू करने की तैयारी में है।

दी यह जानकारी

मिली जानकारी के अनुसार यह सभी कोर्स युवाओं के लिए पूर्णतः निःशुल्क होंगे और नेशनल स्किल्स क्वालिफिकेशन फ्रेमवर्क (NSQF) के मानकों पर आधारित होंगे। विभागाध्यक्ष प्रो. अशोक कुमार के अनुसार, विभाग द्वारा निम्नलिखित 4 ट्रेड में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
1. ​नेचर गाइड
2. ​एडवेंचर ट्रेवल गाइड – हाई एल्टीट्यूड
3. ​कैंपिंग एंड ट्रैकिंग गाइड
4. ​जूनियर इंस्ट्रक्टर – रोप एक्टिविटी
​इतने अभ्यर्थियों का होगा चयन

प्रत्येक पाठ्यक्रम में 30-30 अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। विभिन्न बैचों के माध्यम से कुल 240 युवाओं को हुनरमंद बनाया जाएगा। पूरे प्रशिक्षण का वित्तीय व्यय उत्तराखंड सरकार द्वारा प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत वहन किया जाएगा। इसके लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष होना अनिवार्य है। अभ्यर्थियों के पास वैध पहचान पत्र अनिवार्य रूप से होना चाहिए।‌ कुछ विशिष्ट पाठ्यक्रमों के लिए संबंधित क्षेत्र का पूर्व ज्ञान या अनुभव मांगा जाएगा, जबकि अन्य में सामान्य पात्रता के आधार पर दाखिला मिलेगा। प्रवेश प्रक्रिया जल्द ही शुरू होने वाली है और दाखिला ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर दिया जाएगा।इच्छुक अभ्यर्थी अधिक जानकारी और पंजीकरण के लिए पर्यटन एवं आतिथ्य सत्कार प्रबंधन विभाग, द हर्मिटेज, कुमाऊँ विश्वविद्यालय (नैनीताल) से संपर्क कर सकते हैं।