लालकुआं (नैनीताल): लालकुआं स्थित मदरसन कंपनी में पिछले कई दिनों से अपनी मांगों को लेकर धरना दे रहे श्रमिकों और प्रबंधन के बीच चल रहा गतिरोध मंगलवार को समाप्त हो गया।
श्रमिकों का अनशन समाप्त
जिला प्रशासन, श्रम विभाग और नैनीताल पुलिस के सफल हस्तक्षेप के बाद श्रमिकों ने अपना अनशन समाप्त कर काम पर लौटने का निर्णय लिया है। प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में प्रबंधन और श्रमिकों के बीच कई दौर की मैराथन वार्ता हुई। वार्ता के सकारात्मक परिणाम रहे। जिसमें श्रमिकों द्वारा प्रस्तुत 14 प्रमुख मांगों में से 12 मांगों को प्रबंधन ने तत्काल स्वीकार कर लिया। शेष 02 मांगों पर शासन स्तर से निर्णय लिया जाना है, जिसके लिए अधिकारियों ने सकारात्मक आश्वासन दिया है। सभी श्रमिक फैक्ट्री में वापस लौट आए हैं और बुधवार से उत्पादन कार्य पूर्ण रूप से सुचारू हो जाएगा।
SSP ने की श्रमिकों के अनुशासन की सराहना
एसएसपी (SSP) डॉ. मंजुनाथ टीसी ने प्रदर्शनकारी श्रमिकों के धैर्य और अनुशासन की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के दौरान श्रमिकों ने कानून-व्यवस्था को बनाए रखा, जिसके लिए पुलिस प्रशासन उनका धन्यवाद करता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस श्रमिकों की जायज मांगों और उनके हितों के लिए हमेशा उनके साथ खड़ी है। नैनीताल पुलिस ने कहा कि एक ओर जहां पुलिस ने श्रमिकों के प्रति सहानुभूति दिखाई, वहीं आंदोलन की आड़ में माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले उपद्रवियों पर पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। अराजक तत्वों ने नोएडा की तर्ज पर कंपनी में तोड़फोड़, आगजनी और व्यापक हिंसा फैलाने की साजिश रची थी। पुलिस कार्य में बाधा डालने और श्रमिकों को उकसाने के आरोप में 20-30 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस की सख्त चेतावनी
हिंसा भड़काने वाले बाहरी तत्वों के विरुद्ध गुंडा एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी।औद्योगिक शांति को भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
नैनीताल पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और वे श्रमिकों के हितों की रक्षा के साथ-साथ औद्योगिक सुरक्षा के लिए भी पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।
नैनीताल: लालकुआ मदरसन विवाद खत्म: 12 मांगें मानी गईं, श्रमिकों ने अनशन तोड़ा, काम पर लौटे