अल्मोड़ा: ‘फिट इंडिया’ अभियान को गति देते हुए आज थाना दन्या पुलिस ने स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से दौड़ और पैदल मार्च का आयोजन किया।
दौड़ व पैदल मार्च
थानाध्यक्ष दिनेश नाथ महंत के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से पुलिसकर्मियों और आम जनता को नियमित व्यायाम के लिए प्रेरित किया गया। आज मंगलवार सुबह थाना परिसर से दौड़ का विधिवत शुभारंभ हुआ। इस दौड़ में थाना दन्या और चौकी जागेश्वर के सभी अधिकारी व कर्मचारी पूरे उत्साह और जोश के साथ शामिल हुए। पुलिस की टोली ने पैदल मार्च और दौड़ के जरिए फिटनेस का संदेश दिया, जिसे स्थानीय नागरिकों ने भी काफी सराहा।
फिटनेस बेहद जरूरी
इस अवसर पर थानाध्यक्ष दिनेश नाथ महंत ने जवानों को संबोधित करते हुए शारीरिक फिटनेस के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी और व्यस्त ड्यूटी के बीच पुलिसकर्मियों के लिए खुद को फिट रखना एक बड़ी चुनौती है। नियमित व्यायाम, दौड़ और योग न केवल हमें बीमारियों से दूर रखते हैं, बल्कि हमारी कार्यक्षमता को भी बढ़ाते हैं।
आमजन से अपील
थानाध्यक्ष ने केवल पुलिस बल ही नहीं, बल्कि आम जनता से भी अपील की कि वे अपने दैनिक जीवन में फिटनेस को प्राथमिकता दें। उन्होंने जोर दिया कि एक स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए हर नागरिक का शारीरिक रूप से सक्रिय होना अनिवार्य है।
अल्मोड़ा: स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का वास, पुलिस ने दौड़ लगाकर दिया ‘फिट इंडिया’ का संदेश