नैनीताल: नैना पीक की सैर के नियम होंगे सख्त: इतने बजे के बाद एंट्री बंद, विदेशी पर्यटकों का शुल्क दोगुना करने का प्रस्ताव

​नैनीताल: सरोवर नगरी नैनीताल की सबसे ऊंची चोटी नैना पीक (चाइना पीक) पर ट्रैकिंग करने वाले पर्यटकों के लिए जल्द ही नए नियम लागू होने जा रहे हैं।

भेजा प्रस्ताव

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और जंगल में भटकने जैसी घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से वन विभाग ने नई व्यवस्था का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया है। इसके तहत दोपहर 3:30 बजे के बाद चोटी की ओर जाने वाले रास्तों पर प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा, जबकि विदेशी पर्यटकों का प्रवेश शुल्क 50 रुपये से बढ़ाकर 100 रुपये करने की तैयारी है। अब विभाग ने अन्य दो प्रमुख रास्तों—चीना चुंगी और कैमल्स बैक मार्ग पर भी टिकट काउंटर शुरू करने की योजना बनाई है। चीना चुंगी मार्ग पर काउंटर बनकर तैयार हो चुका है, जिसे दिसंबर या आगामी जनवरी से शुरू करने की तैयारी है, जबकि कैमल्स बैक मार्ग के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। नई व्यवस्था के तहत नैना पीक जाने वाले प्रत्येक पर्यटक और स्थानीय नागरिक का नाम, पता और मोबाइल नंबर रजिस्टर में दर्ज किया जाएगा। इससे आपात स्थिति में किसी भी व्यक्ति को ट्रैक करना आसान होगा।
​