नैनीताल: नैनीताल के विश्व प्रसिद्ध 124वें ऐतिहासिक नंदा देवी महोत्सव (16 से 23 सितंबर) को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं।
दिए जरूरी निर्देश
इस संबंध में बीते कल बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित हुई। जिसमें जिलाधिकारी (डीएम) ललित मोहन रयाल ने अधिकारियों को व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के कड़े निर्देश दिए। बताया कि आयोजन के दौरान उत्तराखंड के लोक कलाकारों को विशेष अवसर दिया जाएगा। ‘हाउस ऑफ हिमालया’ और महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को प्राथमिकता से प्रदर्शित किया जाएगा। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी और पूरे मेला क्षेत्र पर सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जाएगी। मुख्य मेले के दिन शहर की सभी देशी और विदेशी मदिरा की दुकानें पूरी तरह बंद रहेंगी।
’प्लास्टिक मुक्त’ रहेगा मेला
पर्यावरण संरक्षण के लिए मेले को ‘प्लास्टिक मुक्त’ रखा जाएगा। नगर पालिका को शहर में आकर्षक विद्युत सज्जा, ठंडी सड़क पर लाइटों की व्यवस्था और सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डोला यात्रा मार्गों की मरम्मत और डीएसए मैदान में जलभराव रोकने के पुख्ता इंतजाम हो। मेला अवधि में निर्बाध पेयजल आपूर्ति और जगह-जगह स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन हो।