बागेश्वर: मौसम विभाग द्वारा जारी भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए बागेश्वर जिला प्रशासन ने छात्रों की सुरक्षा के मद्देनजर एक बड़ा फैसला लिया है।
अवकाश घोषित
इसके तहत जिले में कल 29 जुलाई (बुधवार) को कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, गैर-सरकारी, निजी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा 28 जुलाई 2026 को जारी पूर्वानुमान के अनुसार, 29 जुलाई को जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश, गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और बारिश के तीव्र दौर होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्र में ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। बागेश्वर की जिलाधिकारी और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की अध्यक्ष अपूर्वा पाण्डे द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सबसे पहली प्राथमिकता है।