पिथौरागढ़: गवर्नमेंट नन्ही परी सीमांत इंजीनियरिंग इंस्टीट्यूट (NPSEI), पिथौरागढ़ में भगवान विश्वकर्मा पूजा के उपरांत धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों का श्रद्धापूर्वक आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का संचालन
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान विश्वकर्मा की विधिवत पूजा-अर्चना एवं हवन के साथ हुआ। पूजा-अर्चना के पश्चात सुंदरकांड का पाठ किया गया, जिसका संचालन हेमंत कुमार जोशी द्वारा किया गया। सुंदरकांड के पाठ में संस्थान के अधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने श्रद्धापूर्वक सहभागिता की। सुंदरकांड के पाठ से संपूर्ण संस्थान परिसर भक्तिमय एवं आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर रहा। इसके उपरांत संस्थान परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में संस्थान के समस्त अधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं उपस्थित अतिथियों ने प्रसाद ग्रहण किया।
रहीं विशेष भूमिका
कार्यक्रम के सफल आयोजन में नितेश वर्मा, कार्यक्रम संयोजक, की विशेष भूमिका रही। उनके कुशल समन्वय एवं मार्गदर्शन में पूजा-अर्चना, सुंदरकांड पाठ एवं भंडारे से संबंधित सभी व्यवस्थाएँ सुचारु रूप से संपन्न हुईं। इसके साथ ही वर्कशॉप इंचार्ज सहित संस्थान के अधिकारियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। इस अवसर पर संस्थान के निदेशक अजीत कुमार ने भगवान विश्वकर्मा को नमन करते हुए सभी को विश्वकर्मा पूजा की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने संस्थान की निरंतर प्रगति, उन्नति एवं विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के दौरान पूरे परिसर में श्रद्धा, उत्साह, आध्यात्मिकता एवं सौहार्द का वातावरण बना रहा। संस्थान परिवार की सामूहिक सहभागिता एवं सहयोग से धार्मिक कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।