उत्तराखंड: थराली
रिपोर्ट -(हरेंद्र बिष्ट): विकासखंड देवाल के कोठी गांव निवासी भारतीय वायुसेना के 36 वर्षीय सार्जेंट आशीष जुयाल का दिल्ली स्थित आर्मी अस्पताल में आकस्मिक निधन हो गया।
सैन्य सम्मान के साथ दी विदाई
जिस पर आज गुरूवार दोपहर जब वायुसेना का विशेष दल पार्थिव शरीर लेकर उनके पैतृक गांव पहुंचा, तो परिजनों के चीत्कार से पूरा माहौल गमगीन हो गया। पिंडर नदी के तट पर स्थित श्मशान घाट में पूर्ण सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। वायुसेना के जवानों ने अपने दिवंगत साथी को अंतिम सलामी दी, जिसके बाद परिजनों ने अश्रुपूरित आंखों से मुखाग्नि दी। शवयात्रा के दौरान ‘आशीष जुयाल अमर रहें’ के नारों से पूरी घाटी गूंज उठी।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
दिवंगत सार्जेंट आशीष जुयाल (पुत्र स्वर्गीय शंभू प्रसाद जुयाल) तीन बहनों के इकलौते भाई थे। उनके असमय चले जाने से वृद्ध मां, पत्नी, मासूम बेटी और तीनों बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अपने पीछे वह एक छोटी बच्ची को रोता-बिलखता छोड़ गए हैं।
दी श्रद्धांजलि
थराली विधायक भूपाल राम टम्टा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने पार्थिव शरीर पर रीथ अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान कोठी की प्रधान लक्ष्मी देवी, पूर्व प्रधान पुष्कर सिंह बिष्ट, नंदा बल्लभ जुयाल और पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख हरेंद्र कोटेड़ी समेत भारी संख्या में स्थानीय लोग अंतिम यात्रा में शामिल हुए।